रुदौली। नगर की बाजारों और प्रमुख मार्गों पर विद्युत खंभों से लटक रहे निजी कंपनियों के केबल और सड़कों पर बिखरे टूटे तार राहगीरों के लिए मुसीबत बने हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका के साथ ही दुकानों तक माल पहुंचाने वाले व्यापारियों के वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। इस समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की रुदौली जिला इकाई ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर केबलों को व्यवस्थित कराने की मांग की है।
जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर गुप्ता (श्याम बाबू) और जिला महामंत्री मोहम्मद हसीन (आजाद) की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर के लगभग सभी प्रमुख मार्गों पर विद्युत खंभों में निजी कंपनियों के केबलों का जाल फैला हुआ है। कई केबल टूटकर नीचे लटक रहे हैं या सड़क पर बिखरे पड़े हैं।
इससे राहगीरों और व्यापारियों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से संबंधित विभागों के माध्यम से अभियान चलाकर अव्यवस्थित केबलों को दुरुस्त कराने और सड़क पर पड़े टूटे तारों को हटवाने की मांग की है।