मिल्कीपुर। हलियापुर-कूरेभार रोड पर पीरो सरैया गांव के पास अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे रखे ईंट के चट्टे से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल सुल्तानपुर भेजा गया, जहां पहुंचते ही दूसरे युवक की भी मौत हो गई। दो अन्य घायलों की स्थिति नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
शुक्रवार देर शाम कुमारगंज के नरेंद्रा भादा पूरे रमधीर निवासी राजेंद्र पांडेय नौकरी के सिलसिले में हैदराबाद जा रहे थे। उनके बेटे उन्हें सुल्तानपुर छोड़कर आए थे लेकिन उनकी ट्रेन किसी कारण से छूट गई। ट्रेन छूटने पर उन्होंने अपने बेटे शुभम को फोन किया। बेटा शुभम गांव के निवासी राम बहादुर की बोलेरो संख्या यूपी-42-एजे-7588 से उनके पुत्र अरविंद सरोज और अपने चचेरे भाई रविंद्र पांडेय के साथ पिता को वापस लाने सुल्तानपुर गए।
वहां से वापस आते समय रात 1.40 बजे हलियापुर-कूरेभार मार्ग पर पीरो सरैया गांव के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे रखे ईंट के चट्टे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। अरविंद (26) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से गंभीर रूप से घायल शुभम, राजेंद्र व रविंद्र को जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचाया। जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचते ही शुभम ने दम तोड़ दिया।
डॉक्टर ने गंभीर अवस्था में घायल राजेंद्र (55) वर्ष व रविंद्र (18) को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक शुभम मां-बाप के इकलौते पुत्र थे। शुभम की पत्नी बबिता व तीन वर्षीय पुत्र शुभ है। वहीं, मृतक अरविंद तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके दो भाई अजय व सुरेंद्र हैं। अरविंद की सगाई बीते 11 मई को हुई थी। मृत युवकों का शव शनिवार को गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया। पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। गांव में शोक व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।