खंडासा। कुमारगंज के पालपुर कंधरापुर गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। शव की शिनाख्त गांव निवासी सुनील कुमार (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुनील के बड़े भाई कमलेश कुमार से सूचना पाकर थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल और देवगांव चौकी प्रभारी अशोक कुमार पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के मुताबिक, सुनील रोजगार के सिलसिले में अंबाला में रहता था। ग्राम प्रधान अजीत कुमार ने बताया कि सुनील का पत्नी से विवाद चल रहा था। विवाद के बाद पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और बाद में उसने दूसरी शादी कर ली थी।
बताया गया कि करीब आठ माह पहले पिता की मृत्यु के समय सुनील गांव आया था और इसके बाद वापस अंबाला चला गया था। उसके दोबारा गांव आने की जानकारी किसी ग्रामीण को नहीं थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना रात के समय की प्रतीत होती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।