महबूबगंज। गोसाईगंज क्षेत्र में सरयू नदी से एक 35 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार को बरामद हुआ है। मृतक की पहचान अंबेडकर नगर निवासी अरुण कुमार वर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। उपनिरीक्षक एसएन. सिंह ने घटना की पुष्टि की और परिजनों को सूचना देने की बात कही। शुक्रवार सुबह एक ग्रामीण ने युवक को मोटरसाइकिल से श्मशान घाट जाते देखा। उसकी मोटरसाइकिल शाम तक वहीं खड़ी रही। बाद में कुछ युवकों ने नदी में युवक का शव देखा। चौकी इंचार्ज देवेंद्र चौधरी ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान आधार कार्ड से अरुण कुमार वर्मा पुत्र जियाराम वर्मा निवासी नकटहा, रामदास पट्टी, जिला अंबेडकर नगर के रूप में हुई। पुलिस ने युवक की मोटरसाइकिल और हेलमेट भी कब्जे में ले लिया है।