अयोध्या। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मंडल प्रवासियों और शक्ति केंद्र प्रवासियों के साथ बैठक कर मतदान के दिन की रणनीति पर मंथन किया। पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों की रिपोर्ट ली। उन्होंने कहा कि सभी मंडल व शक्ति केंद्रों के प्रवासी बूथ पदाधिकारियों और पन्ना प्रमुखों के साथ मिल कर शत प्रतिशत मतदान की योजना बना लें।
इनायत नगर के एक स्कूल में सोमवार को आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शक्ति केंद्र के प्रवासी सभी बूथ पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर हर घर मतदाता पर्ची पहुंचाएं। जिन घरों में मतदाता पर्ची नहीं पहुंची है, उसे जल्द पहुंचाने के लिए कहें। वोटिंग के दिन शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाताओं को प्रेरित करें। वोटिंग कैंप में मतदाताओं के सहयोग के लिए कार्यकर्ता मौजूद रहें।
प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि वोटिंग के दिन कार्यालय पर वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहें। लगातार बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहें। बूथ पर आ रही प्रशासनिक व अन्य दिक्कतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराएं। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि शक्ति केंद्र के प्रभारी बूथ अध्यक्षों व पन्ना प्रमुखों से मतदान पर्ची को लेकर अपडेट लेते रहें।