अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए एक अगस्त से बायोमीट्रिक उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। इसके तहत आने और जाने का समय अंकित कराना होगा। शिक्षकों को पांच और कर्मचारियों को सात घंटे तक महाविद्यालय में मौजूद रहना होगा। दोनों बार की उपस्थिति अंकन के समय में निर्धारित समय का अंतराल होना अनिवार्य है।
साकेत कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अभय सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि शासनादेश के अनुपालन में यह व्यवस्था प्रभावी की जा रही है। आदेश में स्पष्ट किया है कि यदि कोई शिक्षक विश्वविद्यालयीय कार्य से कॉलेज से बायोमीट्रिक उपस्थिति अंकित कराने से पांच घंटे की समयावधि से पहले बाहर जाता है तो इसकी सूचना नियंता कार्यालय में रखे मूवमेंट रजिस्टर में अंकित करना अनिवार्य होगा। ऐसा करने पर ही संबंधित शिक्षक को उस तिथि में ऑन ड्यूटी समझा जाएगा।
इसी तरह दैनिक वेतनभोगी को छोड़कर कॉलेज में कार्यरत अन्य सभी कर्मचारियों को सुबह 10 बजे और शाम को पांच बजे बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी। दोनों बार की उपस्थिति अंकन के बीच सात घंटे का अंतराल होना अनिवार्य है। शैक्षणिक विभागीय कर्मचारी, प्रयोगशाला सहायक, चतुर्थ श्रेणी व प्रयोगशाला परिचर भी इस आदेश का अनुपालन करेंगे। यदि कोई कर्मचारी भी विश्वविद्यालयीय या कार्यालय के कार्य से बाहर जाता है तो उसे भी मूवमेंट रजिस्टर में समय अंकित करना अनिवार्य रहेगा। ऐसा न किए जाने पर नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।