अयोध्या। रामनगरी के प्रमुख रामायणकालीन तीर्थ भरतकुंड के सुंदरीकरण की कवायद तेज हो गई है। करीब 33 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से कुंड का विकास कराया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है।
अब अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजी जाएगी। डीपीआर मंजूर होने के बाद विकास कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
परियोजना के तहत भरतकुंड के मंदिरों और घाटों का व्यापक सुंदरीकरण कराया जाएगा। घाटों को पत्थरों से सजाने के साथ परिसर में पाथवे और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए वॉकवे विकसित होंगे। इसके अलावा बैठने की व्यवस्था, गजेबो (छतरियां), बागवानी और हरित क्षेत्र विकसित करने की भी योजना है। रात में बेहतर रोशनी से कुंड परिसर का स्वरूप और आकर्षक बनाया जाएगा।