अयोध्या। कोतवाली अयोध्या के मोहबरा के पास स्थित एक मैरिज लॉन के पास कुछ लोगों ने एक युवक की गाड़ी पर बीयर की केन फेंक दी। विरोध करने पर उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दर्ज एफआईआर में बस्ती के सोनहा थाना क्षेत्र के मैलानी उर्फ बेलवा निवासी अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि 22 फरवरी की रात लगभग नौ बजे वह लखनऊ हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गए थे। बगल स्थित एक मैरिज लॉन में वैवाहिक समारोह में आए 10-12 लड़के उनकी गाड़ी के पास बीयर पी रहे थे। उनमें से किसी ने उनकी गाड़ी पर बीयर की केन फेंक दी। विरोध करने पर सभी ने उन्हें दौड़ा लिया। उनके साथी रजत मिश्रा, प्रभात मिश्रा और अंकित यादव आदि के साथ वह जान बचाते हुए बगल स्थित दूसरे ढाबे पर गए तो आरोपियों ने वहां जाकर उनकी पिटाई कर दी। आरोपियों की पहचान मक्खापुर निवासी कुलदीप व रवि वर्मा के रूप में हुई है। कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है।