मैच के दौरान एक-दूसरे से बॉल छीनने की कोशिश में खिलाड़ी।
अयोध्या। महिला खेल समारोह के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय महिला बास्केटबॉल व हैंडबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को डाभासेमर स्टेडियम में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 18 मंडलों की महिला टीमें बास्केटबॉल और हैंडबॉल स्पर्धाओं में भाग ले रही हैं।
हैंडबॉल के पहले मुकाबले में मेजबान अयोध्या मंडल ने गोरखपुर मंडल को 16-10 से हराया। अयोध्या की ओर से रानी और रक्षा ने चार-चार, राजपति ने तीन, मुस्कान और प्रियंका ने दो-दो तथा दिया ने एक गोल किया। वाराणसी मंडल ने मिर्जापुर को 15-3 से शिकस्त दी, जबकि मेरठ ने आगरा को 10-2 से हराया। अलीगढ़ ने सहारनपुर को 10-6 से पराजित किया और लखनऊ व आजमगढ़ का मुकाबला 5-5 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बरेली ने मुरादाबाद को 20-12 से मात दी। बस्ती ने झांसी को 12-4 से हराया। वहीं मेजबान अयोध्या मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिर्जापुर को 18-0 से एकतरफा मुकाबले में पराजित किया। अयोध्या की ओर से कोमल और श्रेया ने आठ-आठ तथा इच्छा ने दो अंक जुटाए। प्रतियोगिता 29 जुलाई तक चलेगी, जिसमें विभिन्न मंडलों की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने किया। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अनिमेष सक्सेना ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया, जबकि जिला हैंडबॉल संघ के सचिव परमेंद्र सिंह ने बैज लगाकर सम्मानित किया।