11 -टेढ़ीबाजार से राम मंदिर जाने वाले मार्ग पर लगा बैरियर - संवाद
अयोध्या। रामनवमी के अवसर पर उमड़ी भीड़ को चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह बैरियर लगाए गए और हाईवे से आने वाले वाहनों को साकेत पेट्रोल पंप के पास ही रोक दिया गया। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को राम मंदिर और सरयू घाट तक पैदल ही पहुंचना पड़ा।
शुक्रवार को रामपथ पर भीड़ के कारण सिटी बस और गोल्फ कार्ट सेवा पूरी तरह बंद रही, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। राम मंदिर से लगभग तीन से चार किलोमीटर पहले और सरयू घाट से करीब एक किलोमीटर पहले ही वाहनों को रोक दिया गया था, जिससे श्रद्धालुओं को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ी। इसके अलावा टेढ़ी बाजार से लता चौक तक किसी भी तरह के वाहनों को प्रवेश नहीं करने दिया गया, आवश्यक सेवाओं को छोड़ कर। सुल्तानपुर से आए गौरी शंकर ने बताया कि पैदल चलने में काफी दिक्कत हो रही है।
परिवहन निगम की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 120 बसों का संचालन किया गया था, जो विभिन्न जिलों और शहर के बाहरी इलाकों तक सेवाएं दे रही थीं। इसके बावजूद अयोध्या धाम हाईवे पर लोग बसों का इंतजार करते रहे। जो बसें पहुंची, उनमें पहले से ही क्षमता से अधिक लोग सवार थे। एआरएम आदित्य प्रकाश ने बताया कि राम नवमी के अवसर पर आसपास के जिलों के लिए चलाई गई थी और लगातार बसों का संचालन किया जा रहा था। कई लोग बसों की छत पर बैठकर भी यात्रा करते दिखे।
11 -टेढ़ीबाजार से राम मंदिर जाने वाले मार्ग पर लगा बैरियर - संवाद