फोटो-36-जांच के बाद ही मतदान केंद्र पहुंच पा रहे थे मतदाता
अयोध्या। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के लिए पहले चरण के हो रहे मतदान में शुक्रवार को पहले दिन अयोध्या के 1094 अधिवक्ताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। शनिवार को भी सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे।
बार काउंसिल के चुनाव के लिए दीवानी न्यायालय परिसर स्थित बहु मंजिला बिल्डिंग सभागार में 40 मतदेय स्थल बनाए गए थे। मतदान केंद्र के अंदर जाने के लिए एक द्वार बनाया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की व्यापक व्यवस्था है। मेटल डिटेक्टर व गहन जांच के बाद ही मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। अयोध्या जिले के चुनाव नोडल अधिकारी एडीजे दीपक यादव स्वयं मतदान केंद्र के द्वार पर मौजूद रहकर व्यवस्था की देखरेख करते रहे।
चार चरणों में होना है मतदान
प्रदेश के 2 लाख 49 हजार 808 अधिवक्ता प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव में मतदाता हैं। जो 25 सदस्यों का चुनाव करेंगे।पहले चरण का चुनाव 16 व 17 जनवरी को, दूसरे चरण का 20 व 21 जनवरी, तीसरे चरण का 27 व 28 जनवरी एवं चौथे चरण का मतदान 30 व 31 जनवरी को होना है। मौसम के चलते पहले दिन सुबह मतदान की गति धीमी रही। दोपहर बाद अधिवक्ताओं की लंबी कतार देखी गई। जनपद मुख्यालय सहित सभी तहसीलों के अधिवक्ताओं के लिए मतदान स्थल दीवानी न्यायालय परिसर में ही बनाया गया है। जनपद में 3691 मतदाता हैं। शुक्रवार को पहले दिन 1094 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। खास यह कि अयोध्या जिले से अधिक से अधिक प्रथम वरीयता के मत को पाने के लिए प्रत्याशी प्रशांत सिंह अटल, राकेश पाठक, जय नारायण पाण्डेय, नाहर सिंह यादव दिनभर कचहरी परिसर में समर्थन मांगते रहे। वहीं जिले के निवासी बार काउंसिल प्रत्याशी योगेंद्र प्रताप सिंह व सुधांशु बाजपेयी के समर्थक अपने हाथों में उनके नाम का पोस्टर लेकर वोट मांग रहे थे।