फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: हनुमानगढ़ी में 10 जुलाई तक वीआईपी दर्शन पर रोक

Sat, 08 Jun 2024 01:42 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
सीओ अयोध्या से वार्ता करते संत-महंत।  - फोटो : संवाद
विज्ञापन
अयोध्या। निकास मार्ग बंद होने से सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी में 10 जुलाई तक वीआईपी दर्शन पर रोक लगा दी गई है। इसी मार्ग से ही वीआईपी को दर्शन कराया जाता था। नई व्यवस्था शनिवार से लागू होगी। निकास मार्ग के चौड़ीकरण में आ रही परेशानी को देखते हुए यह निर्णय शुक्रवार को हनुमानगढ़ी अखाड़ा व पुलिस प्रशासन के साथ बैठक के बाद लिया गया।
विज्ञापन

बैठक के बाद संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत संजय दास ने बताया कि हनुमानगढ़ी मंदिर में अब श्रद्धालु जिस रास्ते से दर्शन करने जाते थे, उसी रास्ते से वापस आएंगे। निकासी मार्ग को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। इसके अलावा हनुमानगढ़ी में व्हीलचेयर की सुविधा पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह प्रतिबंध 10 जुलाई तक लागू रहेगा। दरअसल हनुमानगढ़ी मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए निकासी मार्ग का चौड़ीकरण प्रभावित हो रहा है। हनुमानगढ़ी में रोजाना एक लाख भक्त दर्शन करने पहुंचते हैं। मंगलवार, शनिवार व रविवार को यह संख्या और बढ़ जाती है।
संजय दास ने बताया कि इंजीनियरों का कहना है कि काम बस चार घंटे ही हो पा रहा है। अब फर्श का काम करना है, इसलिए मार्ग को बंद करना जरूरी है। इस दौरान अगर मुख्यमंत्री, राज्यपाल या फिर हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के जज आते हैं तो प्रशासन जैसे व्यवस्था पहले देता था, वैसे ही दर्शन की व्यवस्था देता रहेगा। 10 जुलाई के बाद फिर से पुरानी दर्शन व्यवस्था बहाल हो जाएगी। बताया कि इस दौरान प्राइवेट सिक्योरिटी की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। सीओ आशुतोष मिश्रा ने कहा कि हनुमानगढ़ी अखाड़े के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था का सुचारू रूप से संचालन कराया जाएगा।
विज्ञापन

मंगलवार, शनिवार व रविवार को कम आएं श्रद्धालु
महंत डॉ़ महेश दास ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मंगलवार, शनिवार व रविवार को कम संख्या में मंदिर दर्शन करने आएं। जिससे चौड़ीकरण का काम प्रभावित न हो। अलग-अलग तिथियों पर श्रद्धालु आएंगे तो भीड़ नियंत्रण में आसानी होगी। जो सुविधाएं विकसित की जा रही हैं वह श्रद्धालुओं के लिए ही हैं। श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।
गर्भगृह का भी होगा चौड़ीकरण
महंत संजय दास ने बताया कि हनुमानगढ़ी के गर्भगृह (जहां हनुमंतलला विराजमान हैं) के भी चौड़ीकरण का निर्णय हुआ है। निकास मार्ग के चौड़ीकरण का काम पूरा होने के बाद गर्भगृह को करीब 15 फीट और चौड़ा किया जाएगा। मंदिर परिसर में स्थित नरसिंह मंदिर, दुर्गा मंदिर, भरत मंदिर व कीर्तन मंडप को शिफ्ट कर थोड़ा और पीछे स्थापित किया जाएगा। इससे भीड़ नियंत्रण में सुविधा होगी। निकास द्वार पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनेगा। राजस्थान के लाल पत्थरों से इसका निर्माण राजस्थान के ही कारीगर करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें