अयोध्या। साकेत महाविद्यालय परिसर में तंबाकू व गुटखा आदि पदार्थों के सेवन पर रोक लगा दी गई है। ऐसा करते हुए कोई भी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो़ दानपति तिवारी ने महाविद्यालय में पठन-पाठन, अनुशासन व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया है। इसी के तहत ये नए नियम लागू किए गए हैं।
प्राचार्य ने कक्षाओं का सुचारु रूप से संचालन करने के लिए सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है। महाविद्यालय परिसर में अराजक तत्वों के प्रवेश को लेकर कड़ा रुख अपनाया जा रहा है। सभी विद्यार्थियों के परिचय पत्र को नियंता मंडल की ओर से नियमित रूप से चेक किए जाने का निर्देश भी जारी किया गया है ताकि महाविद्यालय परिसर में अराजक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाई जा सके।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी प्रो़ आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि महाविद्यालय में स्वच्छता के लिए मुख्य नियंता डॉ. बीके सिंह और सहायक अवधेश अग्रहरि को सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नामित किया गया है। डॉ़ सिंह ने सफाई कर्मियों की एक सूची जारी की जिसमें सभी विभागों की साफ-सफाई के लिए सफाईकर्मियों के नाम एवं मोबाइल नंबर सभी विभागाध्यक्षों को उपलब्ध कराए गए हैं।