अयोध्या। डॉ. भीमराव आंबेडकर विद्यालय क्रीड़ा संस्थान में सोमवार को प्रदेशीय विद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन बालक वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। अंडर-14 वर्ग में मेजबान अयोध्या ने कानपुर को पांच अंकों से हराया, जबकि वाराणसी ने मेरठ को 20 अंकों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। अंडर-17 वर्ग में कानपुर, मुरादाबाद, मिर्जापुर, आजमगढ़ और वाराणसी की टीमों ने जीत दर्ज की। अंडर-19 वर्ग में आजमगढ़ ने मेरठ को एक पारी और 13 अंकों से हराया।
अंडर-17 वर्ग में कानपुर ने झांसी को एक पारी और एक अंक से पराजित किया। मुरादाबाद ने लखनऊ को 10 अंकों से शिकस्त दी। मिर्जापुर ने आगरा और आजमगढ़ ने सहारनपुर को एक पारी और तीन-तीन अंकों से हराया। वाराणसी ने बस्ती को एक पारी और चार अंकों से पराजित किया।
अंडर-14 वर्ग में बस्ती ने एक पारी और आठ अंकों से जीत दर्ज की। गोरखपुर ने आगरा को एक पारी और पांच अंकों से हराया। देवीपाटन ने मिर्जापुर को एक पारी और तीन अंकों से शिकस्त दी। प्रयागराज ने कानपुर को एक पारी और एक अंक से पराजित किया। मेजबान अयोध्या ने कानपुर को पांच अंकों से हराया, जबकि वाराणसी ने मेरठ को 20 अंकों से मात दी।
अंडर-19 वर्ग में मुरादाबाद ने देवीपाटन को एक अंक और तीन मिनट के अंतर से हराया। प्रयागराज ने चित्रकूट और लखनऊ ने बस्ती को एक-एक अंक से शिकस्त दी। आजमगढ़ ने मेरठ को एक पारी और 13 अंकों से हराया। एक अन्य मुकाबले में लखनऊ ने अलीगढ़ को एक पारी और दो अंकों से पराजित किया। प्रतियोगिता के शेष मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे।
इससे पहले उद्घाटन समारोह में महापौर गिरीशपति त्रिपाठी के प्रतिनिधि रोहित सिंह मुख्य अतिथि रहे। संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं उप शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। योगेश्वर सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया।
कनौसा कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज और मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अवध की संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य प्रस्तुत किए। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक पवन कुमार तिवारी, आयोजन सचिव ओंकारनाथ पाल, मंडलीय सचिव धर्मेंद्र सिंह और जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के खेल शिक्षक मौजूद रहे।