सपा नेता के घर पर भी चलेगा बुलडोजर
आरोपी सपा नेता मोईद खान के घर पर भी बुलडोजर चलेगा। राजस्व विभाग की जांच में पता चला है कि मोईद ने श्मशान की 630 वर्ग मीटर जमीन पर कब्जा कर आवास बनाया है। इसी तरह से तालाब और सार्वजनिक रास्ते की जमीन पर बनाया गया दो मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी ध्वस्त किया जाएगा। सोहावल के उप जिलाधिकारी अशोक सैनी ने बताया कि राजस्व विभाग की जांच रिपोर्ट डीएम चंद्र विजय सिंह को सौंपी जाएगी। इसके बाद उसके घर पर भी बुलडोजर चलवाया जाएगा।
दुष्कर्म पीड़िता की मां को सौंपा पांच लाख का चेक
बीकापुर विधायक डाॅ. अमित सिंह चौहान व अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने दुष्कर्म पीड़िता की मां से मिलकर पांच लाख रुपये का चेक सौंपा। दोनों विधायकों ने हर स्तर पर सहयोग देने और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
पीड़िता से मिलने के बाद रो पड़े मत्स्य मंत्री
प्रदेश के मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद जिला महिला अस्पताल में दुष्कर्म पीड़िता से मिलने के बाद फफक कर रोने लगे। उन्होंने कहा कि निषाद समाज की बेटी के साथ दरिंदगी करने वाले अपराधियों को बचाने में सपा और कांग्रेस दोनों ही दल जुटे हुए हैं। निषाद समाज ऐसे लोगों के खिलाफ एकजुट हो। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए का सच प्रदेशवासियों के सामने आ गया है। बच्ची के साथ अत्याचार हुआ है। लगता है पीडीए का नारा देने के साथ अयोध्या की जीत पर अपनी पीठ थपथपाने वाले इन्हीं अपराधियों की मदद से चुनाव में जीते हैं।
सपा सरकार में कितने आरोपियों का कराया था डीएनए टेस्ट : मायावती
प्रदेश सरकार की कार्रवाई को बसपा सुप्रीमो मायावती उचित कदम बताया है। वहीं, उन्होंने अखिलेश के बयान पर पलटवार करते हुए पूछा है कि उन्होंने सपा सरकार में कितने आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराया था। मायावती ने सूबे की कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर चिंता भी जताई। अयोध्या व लखनऊ आदि की घटनाएं दुखद व चिंतित करने वाली हैं।
आराेपी के साथ तस्वीर...सपा सांसद ने कहा-रोज सैकड़ों लोग हमारे साथ फोटो खिंचाते हैं
- सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह घटना बहुत की दर्दनाक व शर्मनाक है। मैंने अपनी 45 साल की राजनीति में कभी ऐसे लोगों का साथ नहीं लिया। जहां तक आरोपी के साथ तस्वीर का सवाल है, हम लोग राजनीति करते हैं। चुनाव से लेकर जीतने तक सैकड़ों लोगों ने फोटो खिंचाई, सेल्फी ली। रोज 500 लोग फोटो खिंचाते हैं।
- भाजपा हाईकमान ने भी पूरी रिपोर्ट मांगी है। पार्टी की तीन सदस्यीय टीम रविवार को अयोध्या जाएगी।