अयोध्या। प्रयागराज में आयोजित सीनियर राज्य महिला आमंत्रण हैंडबॉल प्रतियोगिता में अयोध्या की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में अयोध्या ने वाराणसी को 35-24 गोल के अंतर से पराजित किया। टीम के प्रशिक्षक परमेंद्र सिंह ने बताया कि अयोध्या की टीम पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही। पूल ए में अयोध्या ने मेजबान प्रयागराज, मेरठ, लखनऊ और बागपत की टीमों को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में अयोध्या ने दमदार खेल दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को 20-10 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। फाइनल में भी अयोध्या की टीम ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और मध्यांतर तक 18-10 की बढ़त हासिल कर ली। अंततः टीम ने मुकाबला 35-24 से जीतकर खिताब अपने नाम किया।
टीम की इस सफलता पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना, मंडलीय सचिव धर्मेंद्र सिंह, जिला सचिव अभिषेक सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को बधाई दी। टीम में आराधना त्रिपाठी, राजपति, दिया, रक्षा, दर्शन, प्रियंका, खुशी, सरिता, रानी, मानकी, रिया सिंह और सोनम शामिल रहीं।