अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में मरीजों को मेडिकल स्टोर से कमीशन लेकर दवाएं दिलाने का मामला उजागर हुआ है। एक वार्डबॉय का दवाओं का 50 फीसदी कमीशन लेने से जुड़ा ऑडियो वायरल हो रहा है। प्राचार्य ने वायरल ऑडियो को संज्ञान में लेकर वार्डबॉय को हटाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करती है।
सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के मुताबिक, संबंधित वार्डबॉय पिछले छह महीने से एक ही ओपीडी में तैनात है। आरोप है कि वह मरीजों को बाहर के एक खास मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदने के लिए भेजता है। शनिवार को मेडिकल स्टोर संचालक और वार्डबॉय का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें वह एक अन्य वार्डबॉय को भी 50 फीसदी कमीशन दिलाने की सिफारिश कर रहा है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह मार्तोलिया ने बताया कि सीएमएस को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित वार्डबॉय को ओपीडी से हटाने के लिए उसकी नियुक्ति करने वाली कंपनी को पत्र भी लिखा गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। लंबे समय से जमा सभी वार्डबॉय के पटल में परिवर्तन किया जाएगा।