कुमारगंज। क्षेत्र में एक छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। गांव के एक युवक ने बच्ची को टॉफी का लालच देकर झाड़ियों में ले जाकर यह हरकत की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना बुधवार शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी, तभी आरोपी युवक उसे जंगल की ओर ले गया। बच्ची के घर पर न दिखने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बच्ची की मां को वह रोते हुए मिली, जिसने पूरी घटना बताई। बृहस्पतिवार सुबह बच्ची के पिता ने कुमारगंज थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि आरोपी ने बच्ची के कपड़े उतारे और अश्लील हरकतें करने लगा। लोगों के आने की आहट पर आरोपी बच्ची को जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।
कुमारगंज थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी प्रदीप कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल पकड़ लिया गया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।