फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: 2024 में हार की पूछी वजह, 2027 में जीत के लिए मांगे सुझाव

Mon, 08 Jul 2024 01:22 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
मुख्यमंत्री के साथ बैठक में मौजूद विधायकगण।
विज्ञापन
अयोध्या। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या लोकसभा क्षेत्र के सभी विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बैठक की। इस दौरान वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में हुई हार की वजहों को पूछा। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत के लिए सुझाव भी मांगा।
विज्ञापन

सीएम योगी के बुलावे पर लोकसभा क्षेत्र के सभी विधायक व एमएलसी रविवार को लखनऊ पहुंचे थे। शाम सात बजे से शुरू हुई बैठक करीब रात 8:30 बजे तक चली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक-एक विधायक और एमएलसी से लोकसभा चुनाव में पराजय के कारणों के बारे में पूछा। सूत्रों के अनुसार एक विधायक ने बताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान लल्लू सिंह खुद को उम्मीदवार के रूप में क्षेत्र के मतदाताओं के सामने पेश ही नहीं कर पाए। पार्टी के मंडल कार्यालयों को चुनाव से जुड़े संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए। इस बारे में संगठन को जानकारी दी गई, फिर भी कुछ भी नहीं हो पाया।

इसी तरह एक अन्य विधायक ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि 400 सीट आने पर संविधान बदल दिया जाएगा। इस वीडियो से काफी नुकसान पहुंचा। बड़ी संख्या में दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाता भाजपा से दूर हो गए। एक अन्य विधायक की ओर से जानकारी दी गई कि जिस तरह से चुनाव अभियान संचालित किया जाना चाहिए था, वैसा हो नहीं सका। इसीलिए अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं आए।
विज्ञापन


इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने सभी विधायक और एमएलसी से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए सुझाव मांगे। सबने अपनी राय रखी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विधायक अपने क्षेत्र में जाकर जमीन पर काम करें। सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचाया जाना सुनिश्चित करें। यदि कोई अधिकारी सरकार की उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहा है तो उसके बारे में जानकारी दें। सीएम योगी ने मिल्कीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारी के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में हर हाल में जीत हासिल करनी है। इसके लिए सभी लोग सामूहिक रूप से प्रयास करें। बैठक में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, दरियाबाद के विधायक और राज्य मंत्री सतीश शर्मा, बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय और अंगद सिंह मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें