अयोध्या। डाभासेमर स्टेडियम परिसर स्थित क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार से अयोध्या प्रीमियर लीग (एपीएल) का आगाज होगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन के लिए खेल मंत्री गिरीश यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। पहले यह लीग 9 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन निर्माण एजेंसी की ओर से खेल विभाग को क्रिकेट स्टेडियम के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था।
उद्घाटन अवसर पर एपीएल के ब्रांड एंबेसडर और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी ज्ञानेंद्र पांडेय भी मौजूद रहेंगे। 16 दिवसीय इस प्रतियोगिता के दौरान एक दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की देखरेख में आयोजित इस लीग में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं। टीमों के नाम प्रदेश की प्रमुख नदियों के आधार पर रखे गए हैं, जिनमें गंगा वॉरियर्स, सरयू शमशेर्स, गोमती थंडर, चंबल चार्जर्स, यमुना सुपरकिंग, शारदा स्ट्राइक्स, बेतवा ब्लास्टर्स और हिंडन टाइटंस शामिल हैं। प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ी होंगे, जिनमें 11 खिलाड़ी अयोध्या मंडल के और 5 खिलाड़ी अतिथि के रूप में शामिल किए गए हैं।
क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव उमेर अहमद ने बताया कि एपीएल के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खिलाड़ियों के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों में भी प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह है। विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता को 5.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।(संवाद)