अयोध्या। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध अंबेडकर नगर के सरदार पटेल स्मारक पीजी कॉलेज, लारपुर में बीए के दूसरे सेमेस्टर की भूगोल विषय की प्रायोगिक परीक्षा में धांधली के प्रकरण में प्राचार्य और प्रबंधक से जवाब तलब किया गया है। इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जांच कमेटी भी गठित की जाएगी।
इस प्रायोगिक परीक्षा के वाह्य परीक्षक और बीएनकेबीपीजी कॉलेज के भूगोल विभाग के सहायक आचार्य प्रो. सूर्यनाथ मौर्य ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह को लिखित शिकायत देकर कॉलेज प्रबंधन पर परीक्षा में गड़बड़ी और दबंगई समेत कई आरोप लगाए थे। आरोप है कि प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित विद्यार्थियों को भी उपस्थित दिखाकर पूरे अंक देने का वाह्य परीक्षक पर दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं कॉलेज लाॅग इन से मनमाने अंक विश्वविद्यालय पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए।
इस बारे में विश्वविद्यालय के कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने अमर उजाला को बताया कि इस संबंध में कॉलेज की प्राचार्य और प्रबंधक से वाह्य परीक्षक के आरोपों पर जवाब तलब किया गया है। उनका पक्ष आने के बाद जांच कमेटी गठित की जाएगी। जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो परीक्षा रद्द करके प्रेक्षक की देखरेख में दाेबारा परीक्षा कराई जाएगी। दूसरी तरफ सूत्रों ने बताया कि संबंधित कॉलेज के प्रबंधक को बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने तलब भी किया था।