फोटो-16- ददेरा में अंडरपास की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण-संवाद
हनुमतनगर। निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना में ददेरा गांव के पास अंडरपास नहीं बनने से आसपास के ग्रामीणों में गुस्सा है। सभी ने शनिवार को प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे परियोजना के वरिष्ठ प्रबंधक ने कार्य बंद कर दिया और समस्या के निराकरण के लिए तीन दिन का समय मांगा है।
ददेरा गांव के सचिन तिवारी और ग्राम प्रधान ललन पासवान के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने अंडरपास की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि सर्वे के दौरान ही अंडरपास निर्माण की बात कही गई थी। अंडरपास न बनने के कारण तिवारी का पुरवा, पाठक का पुरवा, तुलसीतारा, साधु पांडेय का पुरवा, सुखपुर, अलावलपुर, बहोरनपुर व राम वन गमन मार्ग का संपर्क मुख्य गांव से कट जाएगा। पंचायत मुख्यालय और आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में कई बार जनप्रतिनिधियों के समक्ष बात रखी गई लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं हुआ।
ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए रिंग रोड बनाने वाली संस्था के वरिष्ठ प्रबंधक विकास तिवारी ने काम बंद करा दिया और समस्या के निराकरण के लिए तीन दिन की मोहलत ली है। ग्रामीण सचिन तिवारी ने बताया कि यदि तीन दिन के अंदर अंडरपास की समस्या का निदान नहीं हुआ तो 24 फरवरी को निर्माण कंपनी के उच्च अधिकारियों और ग्रामीणों के प्रतिनिधियों व ग्रामीणों के मध्य एक बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में अंडरपास का अंतिम निर्णय लिया जाएगा। धरना प्रदर्शन में सुभाष तिवारी, राजकुमार पांडेय, योगेश मिश्रा, राकेश तिवारी, बाबूराम, समरजीत पांडेय, लालमणि गौड़, विजय प्रकाश सिंह, अमित कुमार, राम सुरेश पासवान, चंदन मौर्य, राकेश तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।