अयोध्या। जिले की सीएचसी, पीएचसी व स्वास्थ्य उपकेंद्र अब दूधिया रोशनी से जगमगाएंगे। फिलिप्स कंपनी सीएसआर फंड (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) से यहां सोलर लाइट लगवाएगी। पहले चरण में 25 केंद्रों को सुविधा से लैस किया जाएगा। इससे मरीज, तीमारदार व कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
जिले के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी चिकित्सा सेवा मुहैया कराने के लिए 14 सीएचसी, 28 पीएचसी व लगभग 246 स्वास्थ्य उपकेंद्र संचालित हैं। इनके ग्रामीण परिवेश से जुड़े होने के कारण अधिकांश केंद्रों तक बेहतर बिजली आपूर्ति व्यवस्था नहीं है। कई जगहों पर झाड़ियां उगी हैं। साफ-सफाई का अभाव रहता है। ऐसे में प्रकाश के बेहतर इंतजाम न होने से आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इससे निजात के लिए सीएमओ ने मुख्य विकास अधिकारी से संपर्क करके सभी केंद्रों पर रोशनी का इंतजाम कराने की मांग की थी। सीडीओ की मध्यस्थता से फिलिप्स कंपनी ने सीएसआर फंड के जरिये इन केंद्रों को आधुनिक लाइटों से लैस करने के लिए हाथ बढ़ाया है। प्रथम चरण में 14 सीएचसी, चार पीएचसी व सात स्वास्थ्य उपकेंद्रों का चयन किया गया है। इनमें एक हजार एलईडी व 140 फ्लड लाइट लगेगी। इसके अलावा 125 सीलिंग फैन भी लगेगा।