अयोध्या। डाॅ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल के निर्देशन में आईईटी संस्थान और वेकनो टेक्नोलाॅजी, लखनऊ के बीच तकनीकी आदान प्रदान व निशुल्क इंडस्ट्री ट्रेनिंग के लिए एमओयू साइन किया गया। मंगलवार को संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव गौड़ व वेकनो टेक्नोलाॅजी के सीईओ इंजीनियर गौरव सक्सेना के मध्य तीन वर्ष के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही क्लाउड स्टोरेज विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी को आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता गौरव सक्सेना ने बताया कि हम सभी रोजाना इंस्टाग्राम, यूट्यूब, फेसबुक, ट्विटर का इस्तेमाल करते है। इसके अलावा ईमेल क्लाइंट से जीमेल, हॉटमेल, याहू तथा बैंकिंग सेक्टर के साथ अन्य सभी सर्विस का इस्तेमाल ऑनलाइन कर रहे है। ये सभी प्लेटफार्म क्लाउड कंप्यूटिंग से ही संचालित होती हैं। सारा डाटा क्लाउड स्टोरेज पर ही स्टोर होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान में सारे डाटा को संभालना और होस्ट करने का काम कंपनियां करती हैं। ऐसे में कुछ कंपनियों की सर्विस मुफ्त है लेकिन कुछ का सब्सक्रिप्शन खरीदना पड़ता है। इसमें तकनीकी जानकारी के साथ कॅरियर बना सकते है। वर्तमान में तकनीकी में दक्ष युवाओं की इंडस्ट्री में काफी मांग है।