अयोध्या। पूर्व सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बानियान पर तबादला आदेश के बाद तीन करोड़ रुपये के भुगतान के आरोप हैं। साथ ही सीएमएसडी स्टोर के इंचार्ज की मिलीभगत से बड़ी मात्रा में दवा, उपकरण आदि की आपूर्ति कराने का दावा भी किया गया है। बलरामपुर के भाजपा विधायक व एक सामाजिक कार्यकर्ता ने जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की है।
बलरामपुर सदर के भाजपा विधायक पल्टूराम ने 24 जनवरी को जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि तत्कालीन सीएमओ ने अल्प सेवाकाल में सीएमएसडी स्टोर इंचार्ज संतराम के साथ मिलीभगत करके दवाओं, उपकरण व अन्य सामग्रियों की बड़े स्तर पर आपूर्ति कराई। संबंधित स्टोर इंचार्ज 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। पूर्व सीएमओ के खिलाफ शासन व निदेशालय स्तर पर जांच चल रही है।
उन्होंने तबादला होने के बाद भी लगभग तीन करोड़ रुपये का भुगतान करा दिया। आरोप है कि भौतिक अभिलेख पूर्ण किए बिना ही कोषागार व अन्य माध्यमों से भुगतान कराया गया है। विधायक ने जांच पूरी होने तक सीएमएसडी स्टोर इंचार्ज के सेवानिवृत्ति देयकों का भुगतान रोकने, सभी खरीद व भुगतान की गहन और निष्पक्ष जांच कराने, अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, केंद्रीय लोक शिकायत जांच आयोग संस्थान के स्टेट चेयरमैन व सिद्धार्थनगर ढेगरूआ, भरौली निवासी जनार्दन पाठक ने भी इसी मामले में डीएम से शिकायत की है। दोनों शिकायती पत्रों का संज्ञान लेकर डीएम ने सीडीओ और सीडीओ ने सीएमओ को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
जूनियर को इंचार्ज बनाने पर भी उठे थे सवाल
तत्कालीन सीएमओ ने सीएमएसडी स्टोर इंचार्ज के सेवानिवृत्त होने से पहले ही नौ जनवरी को नए इंचार्ज की तैनाती की थी। सीएचसी गोसाईगंज में तैनात रामबोध को यह दायित्व सौंप दिया था। उन्हें इंचार्ज संतराम से चार्ज लेने का निर्देश दिया था। इसके बाद ही फार्मासिस्ट संवर्ग में असंतोष फैलने लगा था।