अयोध्या। 14 दिनों के बाद एक बार फिर गर्मी का पारा 40 पर पहुंच गया है। मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर अब थम सा गया है। इसी के साथ आसमान से आग बरसने लगी है। हर कोई इससे हलकान रहा। दोपहर में तपन बढ़ी तो सड़कों पर आवागमन भी कम हो गया। पुरुष हो या महिलाएं, हर कोई सिर और चेहरे पर गमछे के साथ दुपट्टा और साड़ी का पल्लू लपेटे नजर आया।
पिछले दो दिनों से गर्मी में इजाफे की शुरुआत हो चुकी है। बृहस्पतिवार को उसके एक दिन पहले की तुलना में अधिकतम तापमान सीधे 3.5 डिग्री की बढ़ोत्तरी के साथ 38.5 पर पहुंच गया था। वृद्धि का दौर जारी रखते हुए शुक्रवार को 39.5 और फिर शनिवार को सामान्य से एक डिग्री अधिक 40 रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 26 रहा। ऐसे में दिन की तेज धूप तो सताती ही रही, शाम के बाद रात में भी राहत नहीं मिली।
इसके पहले 27 अप्रैल से पिछले बुधवार यानी सात मई तक अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री के आसपास टिका रहा। इस बीच कई चक्र में मौसम में बदलाव के बीच तेज हवा, आंधी, बूंदाबांदी और बारिश भी हुई। ऐसे में ही आसमान में बादलों के छाए रहने से कई दिनों तक गर्मी से काफी हद तक निजात मिली और तापमान भी नियंत्रित रहा। अब एक बार फिर से मौसम 26 अप्रैल के पहले वाले दौर में पहुंच गया है, जब अधिकतम तापमान लगातार 40 से 42.5 डिग्री तक बना हुआ था।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सीताराम मिश्र ने बताया कि अधिकतम तापमान में अभी और बढ़ोत्तरी हो सकती है। दिन में लू के थपेड़े चलते रहेंगे। फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में इसमें और इजाफा ही होता जाएगा।