मिल्कीपुर। चकबंदी न्यायालय के बाहर अधिवक्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। लात-घूंसों, ईंट व डंडे से जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
इनायत नगर के रौना पूरे नोखई गांव निवासी बृजनाथ मिश्र मिल्कीपुर तहसील में अधिवक्ता हैं। वह चकबंदी न्यायालय के पास बैठते हैं। इनका आरोप है कि शनिवार को अपने तख्त पर बैठे थे। इस बीच विपक्षी शिव कुमार मिश्र, अमित तिवारी व जयनाथ दुबे अचानक दौड़ते हुए आए और ईंट, डंडा, लात-घूंसों व लोहे के राॅड से मारने-पीटने लगे। आसपास के लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। हमले में उन्हें काफी चोटें आई हैं।
दूसरी तरफ अधिवक्ता शिव कुमार मिश्र ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया कि उनका मुकदमा चकबंदी न्यायालय मिल्कीपुर में विचाराधीन है। इसमें गवाह नागेंद्र कुमार से जिरह चल रही थी। जैसे ही जिरह समाप्त हुई, गांव के ही बृजनाथ, जिनके पिता मुकदमें में पक्षकार हैं, गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। फाइल और कोट फाड़ दिया। जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित बृजनाथ भी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश पांडेय व साथी अधिवक्ताओं के साथ थाना इनायतनगर पहुंचे। आरोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। फिलहाल इनायतनगर पुलिस मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ व जांच कर रही है।