अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र के ककरही बाजार में सोमवार की दोपहर घर के छत पर स्थित एक कमरे में लाइसेंसी पिस्टल से अधिवक्ता ने खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल होने पर परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
ककरही बाजार निवासी पूर्व पार्षद वीना सोनकर के पुत्र सुरेश सोनकर (42) पेशे से अधिवक्ता हैं। पिछले कुछ दिनों से वह कचहरी नहीं जा रहे थे। सोमवार की दोपहर करीब 3:30 बजे जब घर के अन्य लोग अपने कामों में व्यस्त थे, वह छत पर स्थित एक कमरे में चले गए।
अचानक परिजनों ने गोली चलने की आवाज सुनी तो कमरे की तरफ भागे और अंदर का दृश्य देखकर सभी अवाक रह गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। -संवाद