फोटो 01 रविवार को कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करती एडीआरएम व अन्य - रेलवे
अयोध्या। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) नीलिमा सिंह ने रविवार को कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में कई जगहों पर गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और स्टेशन अधीक्षक पीआर मीणा को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
एडीआरएम ने सबसे पहले लोको कक्ष का जायजा लिया। इसके बाद प्लेटफॉर्मों, प्रतीक्षालय, शौचालय तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म नंबर एक के सामने गंदगी देखकर उन्होंने कहा कि यदि मुख्य प्लेटफॉर्म की स्थिति ऐसी है तो अन्य प्लेटफॉर्मों और सुविधाओं की हालत कैसी होगी।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन के सामने अवध कॉलोनी की ओर स्थित टूटी हुई दीवार को देखकर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि दीवार टूटने का कारण क्या है और इसकी मरम्मत अब तक क्यों नहीं कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि इस रास्ते से अराजक तत्वों का आना-जाना भी बना रहता है, जिसे देखते हुए सुरक्षा और मरम्मत कार्य जल्द कराए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्लेटफॉर्मों, प्रतीक्षालयों, शौचालयों और प्रवेश-निकास मार्गों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा से जुड़ी खामियों को तुरंत दूर किया जाए। साथ ही टूटी दीवार की मरम्मत और स्टेशन परिसर में निगरानी बढ़ाने के भी आदेश दिए गए।
निरीक्षण के समय रेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे। एडीआरएम ने सभी से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और स्टेशन को स्वच्छ, सुरक्षित व यात्री-अनुकूल बनाए रखने पर जोर दिया।