मवई। ब्लॉक मवई की ग्राम पंचायत बीबीपुर में पंचायत भवन निर्माण में वित्तीय अनियमितताओं पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासक शिवकुमार (निवर्तमान ग्राम प्रधान) को पद से हटा दिया गया है, जबकि पंचायत प्रशासन की जिम्मेदारी एडीओ मवई को सौंपी गई है। तत्कालीन पंचायत सचिव अमित कुमार गुप्ता के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट (पंचायत अनुभाग) से जारी आदेश के अनुसार, संयुक्त जांच में पंचायत भवन निर्माण कार्य में करीब 165576 रुपये के गबन की पुष्टि हुई है। जिलाधिकारी ने अपने आदेश में कहा कि प्रशासक और पंचायत सचिव ने सरकारी धन का गबन किया। इसी कारण प्रशासक को उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम की धारा 95(1)(छ) के तहत पद से हटाया गया है। अब बीबीपुर का प्रशासक एडीओ पंचायत मवई को नामित किया गया है।
विस्तृत जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित
मामले की विस्तृत और अंतिम जांच के लिए एक तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है। इसमें जिला गन्ना अधिकारी, जिला लेखा परीक्षा अधिकारी और अधिशासी अभियंता (लघु सिंचाई) शामिल हैं। समिति को आगामी 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का तुरंत पालन करने के निर्देश दिए हैं। इस समिति का उद्देश्य दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करना है।