अयोध्या। रामजन्मोत्सव के दौरान बुधवार को रामनगरी में भक्तिपथ पर हादसा हो गया। इसमें दो महिलाओं समेत चार श्रद्धालु चोटिल हो गए। इनमें से एक महिला को मेडिकल काॅलेज दर्शन नगर के लिए रेफर कर दिया गया है।
गर्मी से बचाव के लिए नगर निगम की ओर से विभिन्न मार्गों पर पर्दे लगवाए गए थे। भक्तिपथ पर शृंगारहाट बैरियर के पास प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाए गए एंगल और केबल के सहारे पर्दे लगे थे। बुधवार को सुबह 10 बजे हवा के तेज झोंके से फैंसी लाइट का एंगल गिर पड़ा। उधर से गुजर रहे श्रद्धालुओं का जत्था इसकी चपेट में आ गया। थाना रामजन्मभूमि प्रभारी ने एंबुलेंस मंगवाकर घायलों को श्री राम अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद इस मार्ग पर श्रद्धालुओं का आवागमन रोक दिया गया। हनुमानगढ़ी चौराहे के रास्ते आवागमन कराया जाने लगा। अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी वाईपी सिंह ने बताया कि बिहार के नालंदा जिले के गांव बगुरहिया निवासी अंजना (30) को ज्यादा चोट आई है। तीन अन्य मामूली चोटिल हुए। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया है। अंजना को रेफर कर दिया गया है।