रुदौली। हिंदू इंटर कॉलेज में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का 78वां स्थापना दिवस राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बताया गया। वक्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रधानाचार्य राम प्रिया शरण सिंह ने कहा कि एबीवीपी राष्ट्रवादी विचारों से युवाओं को जोड़ने वाला मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया। संगोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ प्रवक्ता और परिषद के पूर्व अध्यक्ष अनिल खरे ने की। उन्होंने कहा, विद्यार्थी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है।
एबीवीपी वर्षों से युवाओं में राष्ट्र सेवा की भावना जाग्रत कर रही है। जिज्ञासा की राष्ट्रीय सह-संयोजक शाम्भवी शुक्ला ने परिषद की स्थापना और उद्देश्यों की जानकारी दी। शिक्षक आशीष शर्मा ने बताया कि रुदौली इकाई परिषद की गतिविधियों में अग्रणी रही है। प्रवक्ता कामेश मणि पाठक ने युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। शिक्षक देवांशु विक्रम सिंह ने परिषद के लक्ष्य एवं उद्देश्यों पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन प्रांत कार्यसमिति सदस्य उत्कर्ष पांडेय ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।