अयोध्या। दीवानी न्यायालय परिसर में बृहस्पतिवार शाम एक व्यक्ति को उस समय पकड़ लिया गया, जब अदालत में काम करवाने के नाम पर रकम की वसूली कर रहा था। पकड़ा गया युवक असद शहर के कसाबबाड़ा का निवासी है। उसने रियासत अली नामक शख्स से कोर्ट में अधिकारियों से जान-पहचान होने का झांसा देकर काम करवाने के लिए दो लाख रुपये लिए थे।
कोर्ट से काम करवाने के लिए रुपये देने वाले रियासत अली को जब ठगी का शक हुआ तो मामले की जानकारी अयोध्या बार एसोसिएशन फैजाबाद के मंत्री गिरीश चंद्र तिवारी को दी। मंत्री ने आरोपी से बार काउंसिल पंजीयन और एसोसिएशन का पहचान पत्र मांगा लेकिन वह कोई प्रमाण नहीं दिखा पाया। तब अधिवक्ताओं ने उसे पकड़ कर सिविल कोर्ट पुलिस चौकी को सौंप दिया।
कोतवाल अश्वनी पांडेय ने बताया कि रियासत अली की ओर से दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं, बार एसोसिएशन अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह ने बताया कि यह फर्जी वकील का मामला नहीं है। दो लोगों के आपस में लेनदेन के विवाद से बार एसोसिएशन का कोई सरोकार नहीं है।