बीकापुर। जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह मौत हो गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के बहीउद्दीनपुर निवासी आशा देवी ने दर्ज एफआईआर में बताया कि उनका छोटा पुत्र राघवेंद्र तिवारी 20 फरवरी की शाम को सुलभ तिवारी और सूरज पांडेय के साथ बगल के गांव रामपुर परेई में निमंत्रण में गए थे। लौटते समय रात करीब नौ बजे रास्ते में पातूपुर निवासी आरोपी आनंद यादव, आशीष उपाध्याय और अवनीश उपाध्याय व दो अन्य लोगों ने मिलकर राघवेंद्र को हमला करके मरणासन्न कर दिया। उन्हें अधमरा जानकर वहां से भाग लिए।
गंभीररूप से घायल राघवेंद्र के सिर का ऑपरेशन 21 फरवरी को मेडिकल कॉलेज में हुआ था। उन्हें होश नहीं आया और वह कोमा में चले गए थे। मंगलवार को उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उनके पिता की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। परिवार में बुजुर्ग मां और बड़ा भाई है। प्रधान अरुण कुमार ने बताया कि मृतक अविवाहित था। प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने बताया कि घटना के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। आरोपी घटना के बाद घर से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।