अयोध्या। राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के छात्रावास, क्लास रूम, प्रयोगशाला, किचन और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। राज्यपाल ने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने सुविधाओं का जायजा लिया। नालंदा विश्वविद्यालय की तर्ज पर विश्वविद्यालय परिसर में तालाब के निर्माण का भी निर्देश दिया।
राज्यपाल ने स्वर्ण जयंती स्थापना दिवस समारोह के बाद समीक्षा बैठक की। इसमें विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों व आगामी विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। नए भवनों के निर्माण व पहले से चले आ रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
राज्यपाल ने समीक्षा बैठक में कमिश्नर गौरव दयाल व डीएम चंद्र विजय सिंह को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने बजट आवंटन और व्यय की पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी दोनों अधिकारियों को सौंपी। विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि छात्रों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कमी न हो। छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक व शोध वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।