अयोध्या। राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा को और अधिक अभेद्य बनाने के लिए लगभग चार किलोमीटर लंबी हाई-टेक बाउंड्रीवॉल का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। आधुनिक सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इस सुरक्षा घेरे को अत्याधुनिक तकनीक और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली से लैस किया जा रहा है। इसी सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी आवश्यकताओं को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का नया कार्यालय और विश्रामगृह इस सुरक्षा दीवार के बाहरी हिस्से में बनाए जा रहे हैं।
राम मंदिर ट्रस्ट के सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा दीवार का डिजाइन इस प्रकार तैयार किया गया है कि इसके भीतर केवल मुख्य मंदिर परिसर और उससे जुड़े अत्यंत संवेदनशील ढांचे ही शामिल रहेंगे। बाउंड्रीवॉल में आधुनिक सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस सिस्टम और उन्नत सुरक्षा उपकरण लगाए जा रहे हैं, जिससे पूरे परिसर की चौबीसों घंटे निगरानी संभव हो सकेगी। अब तक 700 मीटर में दीवार निर्माण का काम पूरा हो चुका है। ट्रस्ट का मानना है कि प्रशासनिक गतिविधियों और आगंतुकों की आवाजाही को मुख्य सुरक्षा घेरे से अलग रखने से सुरक्षा प्रबंधन अधिक प्रभावी और व्यवस्थित रहेगा।
नए कार्यालय और विश्रामगृह का निर्माण वर्ष 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भविष्य में मंदिर से जुड़े प्रशासनिक, लेखा और अन्य प्रबंधन संबंधी कार्यों को इसी नए कार्यालय परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। विश्रामगृह में देश-विदेश से आने वाले संत, विशिष्ट अतिथि और ट्रस्ट से जुड़े प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं प्रशासनिक कार्यालय को आधुनिक डिजिटल सुविधाओं और सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।