फोटो-19- जांच करते एसपी ग्रामीण सीओ और कोतवाली पुलिस-संवाद
बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के सराय भनौली पूरे नियाई गांव की 19 वर्षीय युवती शिवानी की एक महीने पूर्व संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी।
उच्च अधिकारियों से शिकायत के बाद बृहस्पतिवार शाम को एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी टीम के साथ मृतका के घर पहुंचकर जांच की। परिजनों का बयान दर्ज किया। इस दौरान सीओ पीयूष और कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह भी मौजूद रहे। बताया गया कि शिवानी का शव 18 दिसंबर की शाम खंडहरनुमा कच्चे घर की बडेर में दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटका मिला था। घटना के समय मृतका की मां गन्ने के खेत में काम करने गई थी। देर शाम जब घर लौटीं तो बेटी का शव फंदे से लटकता देखकर दंग रह गईं। मृतका के मामा और ननिहाल के लोगों के आने के बाद सूचना बीकापुर कोतवाली में दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मां ने बेटी की हत्या करके शव लटकाए जाने की आशंका जताई थी। बताया था कि भूमि विवाद के चलते इसके पहले भी शिवानी के साथ मारपीट की गई थी। शिवानी दो बहनों में सबसे बड़ी थी। परिजनों ने पुलिस उच्चाधिकारियों से पुत्री की हत्या किए जाने की आशंका जताकर शिकायत की थी। जबकि कोतवाली पुलिस आत्महत्या का मामला बताती रही।
अब पुलिस अधिकारियों की ओर से नए सिरे से छानबीन और जांच शुरू किए जाने से गांव में हलचल मची है। प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि एसपी ग्रामीण के निर्देश पर पूरे प्रकरण की नए सिरे से जांच की जा रही है।