मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के खंडासा थाना क्षेत्र स्थित जिगनाही जंगल में आग लगने के बाद जला घर।
मिल्कीपुर। खंडासा थाना क्षेत्र स्थित जिगनाही जंगल में लगी भीषण आग की चपेट में आकर बुधवार को प्रसाद के पुरवा गांव के 10 घरों का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं, तब जाकर बेकाबू आग पर काबू पाया जा सका।
बुधवार को दोपहर कारी 12 बजे अचानक जिगनाही गांव के जंगल में भीषण आग लग गई। आग इतनी जबरदस्ती थी कि देखते ही देखते लगभग तीन किलोमीटर में फैल गई। जंगल के बीच बकचुना ग्राम पंचायत का मजरा पूरे रामप्रसाद भी स्थित है। तेज हवा के कारण लपटों ने गांव के 10 घरों को भी अपने आगोश में ले लिया जिससे इन घरों की गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर अग्निशमन प्रभारी मिल्कीपुर प्रदीप कुमार पांडेय, फायर कर्मी रमाशंकर सिंह, हरेंद्र पटेल, रामप्रसाद, हृदय राम विश्वकर्मा, दिनेश मिश्रा और संदीप भट्ट फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंच गए लेकिन बेकाबू आग को बुझाने में सफलता न मिलते देख दमकल की तीन और गाड़ियां बुलाई गईं तब जाकर आग पर काबू पाया गया। अग्निकांड में सुखराम मौर्य, काशीराम, विश्राम, मनोज कुमार, अमेरिका प्रसाद, अभय, पप्पू मौर्य, कमलेश, राम आशीष और विनोद कुमार की गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।