मिल्कीपुर। पवित्र सावन माह के तीसरे शुक्रवार को पारा ब्रह्मानान स्थित गहनाग देव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। धाम की परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं के जयकारों से समूचा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। गहनाग देव स्थान पर आसपास व दूरदराज से श्रद्धालु परिक्रमा करने और बाबा की भभूत लेने के लिए पहुंचे।
महिलाओं ने विशेष रूप से पूड़ी-लप्सी का प्रसाद चढ़ाया। मान्यता है कि गहनाग बाबा की परिक्रमा कर पूड़ी-लप्सी का प्रसाद चढ़ाने पर मुरादें पूरी होती हैं। सुबह से दोपहर तक भीषण गर्मी व उमस के बावजूद गहनाग धाम के चारों तरफ करीब दो किलोमीटर की परिधि में गहनाग बाबा के भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने वाहनों को दो किलोमीटर पहले ही रोक दिया।
थाना प्रभारी इनायतनगर रतन शर्मा पुलिस फोर्स के साथ मेला क्षेत्र में मुस्तैद रहे। मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। मेले में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखते हुए महिला पुलिस कर्मियों की अलग से ड्यूटी लगाई गई।