अयोध्या। राम मंदिर निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, सांस्कृतिक महत्व और मंदिर परिसर की आध्यात्मिक भव्यता पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई है। फिल्म यूनिट ने 25 नवंबर को अंतिम दिन ध्वजारोहण समारोह के मनमोहक दृश्य, भक्तों की मौजूदगी और मंदिर परिसर के विशेष क्षणों को कैमरे में कैद किया। डॉक्यूमेंट्री फिल्म रामकथा संग्रहालय में प्रदर्शित की जाएगी।
इसी दिन पीएम नरेंद्र मोदी ने संघ प्रमुख मोहन भागवत, सीएम योगी आदित्यनाथ, व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत सात हजार मेहमानों की मौजूदगी में राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया था। अंतिम शूटिंग के दौरान ध्वजारोहण का दृश्य सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहा। कैमरों ने मंदिर शिखर पर लहराते केसरिया धर्मध्वज, जयघोष करती भीड़ और पूरे परिसर में व्याप्त आध्यात्मिक ऊर्जा को भव्य सिनेमैटिक अंदाज में रिकॉर्ड किया। शूटिंग की शुरुआत पांच अगस्त 2020 को राम मंदिर निर्माण के लिए हुए भूमिपूजन से शुरू हुआ था। तब से लगातार मंदिर निर्माण की प्रगति, कारीगरों की मेहनत, वास्तुकला के अद्भुत विवरण, रामलला के दैनिक अनुष्ठान, तीर्थ यात्रियों की आस्था और अयोध्या के बदलते सांस्कृतिक परिदृश्य इन सभी पहलुओं की शूटिंग की जा रही थी।
निर्माता और निर्देशक एकनाथ सतपुरकर ने बताया कि अब इसके पोस्ट प्रोडक्शन का काम अगले माह से शुरू हो जाएगा। जिसमें एडिटिंग, ध्वनि डिजाइन, संगीत जोड़ना, रंग सुधार (कलर ग्रेडिंग) और विजुअल इफेक्ट्स शामिल होते हैं। यह वह प्रक्रिया है जो कच्चे फुटेज को एक पूरी और परिष्कृत फिल्म या वीडियो में बदलती है। इसके स्क्रिप्ट, संगीत, टाइटल सांग और भजन आदि डालने के साथ संपादन का काम पूरा किया जाएगा, जिसमें 5 माह का समय लग सकता है। इस फिल्म में मंदिर के संघर्ष से लेकर उसके भव्य निर्माण का पूरा लेखा जोखा लोगों को दिखाया जाएगा। इसका प्रजेंटेशन श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से बनाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में किया जाएगा।
छह भाग में रिलीज की जाएगी फिल्म
सतपुरकर ने बताया कि फिल्म में बीते तीन दशकों के घटनाक्रम, मंदिर निर्माण आंदोलन, संत-समाज के विचार, सीएम योगी आदित्यनाथ समेत मंदिर आंदोलन से जुड़े 170 लोगों के इंटरव्यू, इंजीनियरों की तकनीकी चुनौतियां और भविष्य की अयोध्या की परिकल्पना जैसे अध्याय भी शामिल किए गए हैं। सतपुरकर ने बताया कि इसे 12 टेराबाइट से अधिक डाटा में शूट किया गया है। इसलिए 6 चैप्टर में रिलीज किया जाएगा। 6 चैप्टर के निर्माण के बाद एक कॉम्पेक्ट चैप्टर भी बनेगा जिसमे सभी के मुख्य अंशों को समाहित कर स्टोरी के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा ।