भेलसर। रुदौली-अमानीगंज मुख्य मार्ग पर मिर्जापुर के पास अंधा मोड़ है। दोनों तरफ तालाब होने से कोहरे के दिनों में यहां दृष्यता शून्य हो जाती है।, जिससे चालक सीधे तालाब में पहुंच जाता है। शुक्रवार की सुबह ऐसी घटना में तालाब में गिरकर युवक की मौत हो गई।
शुक्रवार की भोर रुदौली-अमानीगंज मुख्य मार्ग के मिर्जापुर मोड़ पर बाइक सवार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरा जिससे उसकी मौत हो गई। यहां अंधा मोड़ दोनों ओर तालाबों से घिरा होने से जानलेवा हो रहा है। शुक्रवार को हादसा होते ही कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही रुदौली कोतवाल संजय मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान आकाश शुक्ला (28 वर्ष) निवासी परशुरामपुर थाना रौनाही के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अंधे मोड़ पर न तो वहां कोई चेतावनी संकेतक है, न सुरक्षा रेलिंग और न ही स्पीड ब्रेकर। तेज रफ्तार वाहन जैसे ही मोड़ पर पहुंचते हैं, अचानक सामने का रास्ता ओझल हो जाता है और वाहन चालक संभल नहीं पाते। कुछ दिन पूर्व भी इसी स्थान पर हुई दुर्घटना में एक युवक की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों ने कोई सबक नहीं लिया।
इस संबंध में रुदौली कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।