अयोध्या। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान 912 रोगियों का इलाज किया गया। गंभीर रूप से पीड़ित 64 रोगियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जिले के 28 प्राथमिक और आठ नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में 72 डॉक्टर और 210 पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किए गए थे। मेले में आंख के 101, बुखार के 145, सांस के 74, पेट के 187, शुगर के 164, चर्म रोग के 162, टीबी के संदिग्ध 17, एनीमिया के 28, उच्च रक्तचाप के 65 रोगियों का इलाज किया गया। 138 महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सराय धनेठी, अमानीगंज, बवां, गद्दोपुर, खड़भड़िया, शाहगंज में 209 मरीजों ने इलाज कराया। इनमें ज्यादातर मरीज सर्दी, खांसी, जुखाम, बुखार, सांस व त्वचारोग से पीड़ित थे। मरीजों की टीबी स्क्रीनिंग, बलगम, एनीमिया, हीमोग्लोबिन आदि जांच की गई। चार महिलाओं को आयरन-सुक्रोज का इंजेक्शन लगाया गया।
पीएचसी कंदैला में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दिनेश प्रकाश ने 37 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अधिकांश मरीज बुखार और खुजली से पीड़ित होकर आए थे। दो गर्भवती महिलाओं को आयरन-सुक्रोज का इंजेक्शन लगाया गया। इस मौके पर फार्मासिस्ट ओपी सोनी, लैब टेक्नीशियन संजय वर्मा आदि मौजूद रहे। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार पीएचसी चौरे बाजार में डॉ. मोहम्मद इरशाद ने 37 मरीजों का इलाज किया। अधिकतर मरीज पेट दर्द, डायरिया, खुजली, चर्म रोग, बुखार से पीड़ित थे। पीएचसी कोछा में डॉ. अंजली गुप्ता, फार्मासिस्ट दुर्गेश पांडेय ने 32 मरीजों का इलाज किया।