अयोध्या। गहमागहमी और शोर-शराबे के बीच फैजाबाद बार एसोसिएशन अयोध्या का वार्षिक चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था केेेे बीच 91.12% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इसी के साथ अध्यक्ष, महामंत्री सहित 12 पदों के लिए हुए मतदान में 45 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिका में बंद हो गया है। मत पेेटिकाओं को प्रत्याशियों के समक्ष सील करके पुस्तकालय भवन में रखवाया गया है।
मंगलवार सुबह आठ बजे से ही आचार्य नरेंद्र देव सभागार में चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया, जो शाम पांच बजे तक संपन्न हुआ। लंच के पहले वोट डालने के लिए मतदाताओं की भारी भीड़ कतारों में लगी थी। लंच के बाद कई मीटर दूर तक कतारें लग गईं। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री रहे अनिल तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता मार्तंड प्रताप सिंह, चलने-फिरने में असमर्थ अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ सदस्य चक्रधर द्विवेदी आदि ने मतदान किया।
महिला सदस्यों की भी काफी भागीदारी रही। हालांकि, प्रत्याशी के रूप में किसी महिला ने अपनी उम्मीदवारी पेश नहीं की थी। मतदान स्थल के बाहर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री समेत सभी 12 पदों के प्रत्याशियों और उनके समर्थक मतदाताओं से वोट मांगते नजर आए। प्रत्याशियों के पदों से संबंधित रंग-बिरंगे हैंडबिल भी बांटते दिखे। मतदान निष्पक्ष व पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस बल की समुचित व्यवस्था थी।
चेतावनी के बावजूद मतदान स्थल के बाहर भारी संख्या में जींस पैंट और टीशर्ट में बाहरी लोगों की भीड़ जमा रही, जो प्रत्याशियों के लिए खुलेआम वोट मांग रहे थे। नाॅन प्रैक्टिशनर अधिवक्ता अपना कारोबार छोड़कर मतदान के लिए आए थे। उसमें भी अधिकांशतः निर्धारित ड्रेस में नहीं थे। सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिवक्ता सौरभ मिश्रा, माधव कृष्ण पांडेय, राकेश मिश्रा आदि ने शोर-शराबा कर रहे प्रत्याशियों के समर्थकों को शांत कराया।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह ने बताया कि 2500 के सापेक्ष 2278 मत पड़े हैं, जिनमें तीन मत निरस्त किए गए। मतदान के लिए 32 बूथ बनाए गए थे। कुशल देखरेख के लिए संजीव दूबे, मंसूर इलाही, कीर्ति प्रकाश मिश्रा, राजकपूर सिंह, सुरेंद्र मिश्रा, राम शंकर यादव, शैलेश पांडेय, संजय रस्तोगी, ललित मोहन श्रीवास्तव, राधेश्याम मिश्रा सहित 67 अधिवक्ताओं को भी लगाया गया था।
मतदान के लिए चार बूथ बनाए गए थे। प्रथम बूथ संख्या पर 555, द्वितीय पर 561, तृतीय पर 564 व चौथे पर 598 मत पड़े। मतदान के दौरान नए अधिवक्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। पारदर्शी चुनाव के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। चेतावनी के बावजूद कई अधिवक्ता अपने मोबाइल से मतदान की फोटो ले रहे थे। मतदान के दौरान एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन घनश्याम उपाध्याय, चंद्रभानु सिंह, पदाधिकारी राजीव तिवारी, ऋषि कुमार मिश्रा, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा, ममता सिंह आदि का सहयोग रहा।
अधिवक्ता संघ के चुनाव में पहली बार लगी स्याही
फैजाबाद बार एसोसिएशन चुनाव के इतिहास में पहली बार अमिट स्याही का प्रयोग किया गया। मतदान करने के लिए आए अधिवक्ताओं की अंगुली पर स्याही का निशान लगाए जाने के बाद ही मतदान का निर्देश जारी किया गया था। इसके लिए कार्यकारिणी के दो सदस्यों पूर्णिमा सिंह व दिलीप मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई थी।
आज होगी मतगणना
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष/चुनाव अधिकारी सूर्य नारायण सिंह व एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन घनश्याम उपाध्याय ने बताया कि बुधवार को सुबह नौ बजे से अधिवक्ता संघ की लाइब्रेरी के सभागार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना प्रारंभ होगी। सबसे पहले मतगणना कार्यकारिणी व संयुक्त मंत्री के पदों से शुरू होगी, जो अंतिम परिणाम आने तक जारी रहेगी। पराजित होने के बाद दोबारा काउंटिंग कराने पर पांच हजार रुपये जमा करने का एलान किया है।
28-कचहरी में बार एसोसिएशन चुनाव के लिए मतदान करते अधिवक्तागण।-संवाद
28-कचहरी में बार एसोसिएशन चुनाव के लिए मतदान करते अधिवक्तागण।-संवाद