अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित यज्ञशाला में शुक्रवार को भागवत कथा का आयोजन किया गया। उत्तराधिमठ, अयोध्या की ओर से आयोजित कथा में 66 मातृ शक्तियों ने भाग लिया।
कर्नाटक से आए कथावाचक अनिरुद्ध महाराज ने श्रद्धालुओं को करीब चार घंटे तक भागवत कथा सुनाई। कथा के बाद सभी श्रद्धालुओं ने श्रीराम जन्मभूमि परिसर में श्रीरामलला के दर्शन किए। इसके साथ ही राम परिवार और परकोटे में स्थित सभी मंदिरों में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा और दर्शन के बाद यज्ञशाला में श्रद्धालुओं के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसे सभी ने ग्रहण किया।
शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि धार्मिक आयोजन में मातृ शक्तियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की। चार घंटे चली भागवत के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे। इसके बाद श्रीरामलला और परिसर के अन्य मंदिरों के दर्शन कर सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।