अयोध्या। रामनगरी में बजरंगबली के प्रति श्रद्धा पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकपरंपराओं और उत्सवों में भी इसकी झलक दिखाई देती है। जन्मोत्सव के बाद छठ्योत्सव पर भी हनुमंतलाल के प्रति भक्तों का अनुराग उमड़ पड़ा। स्वर्गद्वार स्थित हनुमत हरिरामसदन और रामघाट स्थित हनुमान किला में मंगलवार को बजरंगबली की छठी धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान छप्पन भोग, बधाई गीतों और जेवनार गायन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
दोनों मंदिरों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। विराजमान हनुमंतलाल का पंचामृत और सुगंधित औषधियों से अभिषेक किया गया। इसके बाद नवीन वस्त्रों से दिव्य शृंगार कर आरती उतारी गई। उन्हें विभिन्न प्रकार के मिष्ठानों सहित 56 व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। संतों और श्रद्धालुओं ने बधाई गीतों व जेवनार के माध्यम से अपनी श्रद्धा निवेदित की।
हनुमान किला में छठ्योत्सव के अवसर पर महंत रामकिशोरदास ने अपने गुरु रामभजनदास की स्मृतियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि मंदिर में बजरंगबली की जयंती और छठ्योत्सव मनाने की परंपरा करीब 50 वर्षों से चली आ रही है। इसकी शुरुआत हनुमान जयंती से नौ दिन पहले रामचरितमानस के नवाह्न पाठ से होती है। जयंती पर संतों की गोष्ठी आयोजित की जाती है। इसके बाद विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ उत्सव छठ्योत्सव तक चलता है।