अयोध्या। मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज ने सुबह 10.10 बजे अचानक 28 विभागों के दफ्तरों से हाजिरी रजिस्टर मंगा लिया। जब इसे देखा तो वे दंग रह गए। इन सरकारी कार्यालयों के 56 कर्मचारी समय से नहीं पहुंचे थे। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए सभी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। विभागाध्यक्षों के माध्यम से सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कराया।
विकास भवन में 28 विभागों के कार्यालय हैं। सीडीओ को गोपनीय जानकारी मिली थी कि कई कर्मचारी कभी भी ऑफिस निर्धारित समय सुबह 10 बजे नहीं आते हैं। लेटलतीफी उनकी आदत में शामिल है। इससे उन कर्मचारियों में आक्रोश पनपता है जो रोज तय समय पर ऑफिस आ जाते हैं। सच्चाई जानने के लिए सीडीओ ने सुबह 10.10 बजे इन सभी दफ्तरों के कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर उनके विभागाध्यक्षों के माध्यम से मंगा लिया। पता चला कि 56 कर्मचारी नहीं पहुंचे हैं।
इसके बाद सीडीओ ने सभी विभागाध्यक्षों को फटकार लगाते हुए कहा कि वे अपने मातहत कर्मचारियों की अनुशासनहीनता की अनदेखी न करें। यह तय करें कि सभी लोग समय से पहुंचें और किसी भी सूरत में शाम पांच बजे से पहले न निकलें। सभी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए आप लोग ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि अब वे नियमित रूप से इसी तरह हाजिरी रजिस्टर मंगाकर और खुद दफ्तरों में पहुंचकर उपस्थिति चेक करेंगे। यदि आगे भी सुधार नहीं हुआ तो विभागाध्यक्षों पर भी कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
सभी 11 ब्लॉकों के कार्यालयों में लैंडलाइन फोन रखना होगा सक्रिय
जिले के सभी 11 विकासखंडाें के दफ्तरों में लैंड लाइन फोन काम करते हुए हालत में रखने होंगे। मौजूदा समय में ज्यादातर दफ्तरों के लैंड लाइन फोन अतीत की बात हो चुके हैं। सभी काम मोबाइल से ही होता है। सीडीओ ऋषिराज ने सभी खंड विकास अधिकारियों को लैंड लाइन फोन सक्रिय कराकर इसका प्रमाण पत्र देने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ ने कहा अब लैंडलाइन फोन के माध्यम से चेक किया जाएगा कि ब्लॉकों के अधिकारी सुबह 10 से दो बजे तक कार्यालय में मौजूद रहकर जनसुनवाई कर रहे हैं या नहीं। खुद सीडीओ नियमित इसकी जांच करेंगे।