अयोध्या। जिले में गैस आपूर्ति संकट के बीच कंपनियों पर बुकिंग का भारी दबाव बन गया है। तीनों कंपनियों को मिलाकर करीब 50 हजार बुकिंग लंबित हैं और करीब आठ दिन तक का बैकलॉग चल रहा है। सीमित आपूर्ति के चलते कंपनियां पुरानी बुकिंग निपटाने में ही जुटी हैं, जिससे उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ रहा है।
इंडियन ऑयल (आईओसीएल) की स्थिति सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 34 हजार बुकिंग लंबित हैं और प्रतिदिन औसतन 8000 बुकिंग दर्ज हो रही हैं। कंपनी पर करीब 8 दिन का बैकलॉग है और जिले की 10 एजेंसियों पर दबाव सबसे अधिक है। वर्तमान में 26 से 28 मार्च तक की बुकिंग वालों को गैस मिल रही है। 20 मार्च से शुरू हुई होम डिलीवरी से रोजाना करीब 6000 सिलिंडर वितरित किए जा रहे हैं।
एचपीसीएल में 7128 बुकिंग लंबित हैं और रोजाना करीब 2000 बुकिंग हो रही हैं। यहां करीब चार दिन का बैकलॉग है। इसकी चार एजेंसियों पर दबाव अधिक है। कंपनी 31 मार्च तक की बुकिंग वालों को गैस उपलब्ध करा रही है। 25 मार्च से शुरू हुई होम डिलीवरी के जरिए प्रतिदिन करीब 1000 सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है।
बीपीसीएल कंपनी में औसतन 2740 बुकिंग प्रतिदिन हो रही है। करीब सात दिन का बैकलॉग बना हुआ है। इस कंपनी की पांच एजेंसियों पर दबाव अधिक है। यहां 15 मार्च से होम डिलीवरी शुरू की गई है और करीब 80 प्रतिशत वितरण इसी माध्यम से हो रहा है, लेकिन स्थिति अभी सामान्य नहीं हो सकी है।
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति के कारण बैकलॉग की स्थिति बनी हुई है। कंपनियों को सप्लाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं और होम डिलीवरी के माध्यम से दबाव कम करने का प्रयास किया जा रहा है।