अयोध्या। आगामी 30 अक्तूबर से शुरू हो रहे कार्तिक मेले (परिक्रमा) के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। इसके लिए जिले के तीन अस्पतालों में 50 बेड आरक्षित किए जाएंगे। 14 कोसी परिक्रमा क्षेत्र में 16 अस्थायी प्राथमिक उपचार केंद्र बनाए जाएंगे, जहां शिफ्टवार चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती रहेगी।
कार्तिक मेला पांच नवंबर तक चलेगा। इस दौरान हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सीय सेवाएं मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। मेडिकल कॉलेज दर्शननगर और जिला अस्पताल में 20-20 बेड व श्रीराम अस्पताल में 10 बेड का वार्ड आरक्षित रहेगा। जबकि, अलग-अलग जगहों पर उपचार केंद्र, अस्थायी अस्पताल क्रियाशील रहेंगे। विभिन्न जगहों पर एंबुलेंस खड़ी रहेगी।
इनसेट
यहां रहेंगे उपचार केंद्र
-श्रीरामजन्मभूमि के दो निकास द्वार, हनुमानगढ़ी मंदिर, हनुमानगुफा, हलकारा का पुरवा, दर्शननगर, अचारी का सगरा, जनौरा, सहादतगंज हनुमानगढ़ी, गुप्तारघाट, अफीमकोठी, अमानीगंज, ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा और झुनकीघाट पर अस्थायी उपचार केंद्र बनाए जाएंगे। इसके अलावा पक्काघाट पर उपचार केंद्र के साथ-साथ आठ बेड का अस्थायी चिकित्सालय बनेगा।
यह करेंगे निगरानी
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बानियान और नोडल अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ला के अलावा चार अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को पर्यवेक्षण और निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। इसमें एसीएमओ डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव, डॉ. बीएन यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ. वीपी त्रिपाठी और डॉ. राजेश चौधरी शामिल रहेंगे।
यहां रहेगी एंबुलेंस
श्रीराम जन्मभूमि परिसर, हनुमानगढ़ी मंदिर, नयाघाट, हनुमानगुफा, हलकारा का पुरवा, दर्शननगर, जनौरा, सहादतगंज हनुमानगढ़ी, गुप्तारघाट, अफीमकोठी और झुनकी घाट।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बानियान ने कहा कि कार्तिक मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंडल के अन्य जिलों से भी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मांगे गए हैं। सभी केंद्र की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। बगैर रिलीवर के किसी को केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।