7-बीकापुर कोतवाली में शिकायत सुनते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी।-संवाद
अयोध्या। जिले के सभी पुलिस थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। बीते दिनों गन्ना सचिव पर स्याही फेंकने वाले किसान रामतेज वर्मा को कोतवाली बीकापुर में आयोजित समाधान दिवस में नहीं जाने दिया गया। लेखपाल ने उन्हें बाहर ही रोक लिया। वहीं, अधिकांश जगहों पर राजस्व संबंधी शिकायतें अधिक रहीं, जिनके निस्तारण के लिए टीम बनाई गई है।
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली परिसर में तहसीलदार दिनेश कुमार के समक्ष 21 शिकायतें आईं, जिनमें 16 राजस्व संबंधी रहीं। इनमें छह मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। भूमि विवाद और पैमाइश से संबंधित पांच मामलों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम बनाई गई। वहीं, दोहरी पातुपुर निवासी बुजुर्ग गन्ना किसान रामतेज वर्मा भी समाधान दिवस में शिकायती पत्र देने पहुंचे, लेकिन राजस्व लेखपाल ने उन्हें बाहर ही रोक लिया। वहीं शिकायती पत्र लेकर समाधान का आश्वासन दिया गया। रामतेज ने बताया कि उनकी भूमि के कुछ हिस्से पर पड़ोसी ने कब्जा किया है। उन्होंने पैमाइश करवाकर अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार थाना इनायतनगर में थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा के समक्ष 11 शिकायतें आईं, जिनमें एक का मौके पर निस्तारण कराया गया। डीह पूरे वीरबल निवासी दीपंकर तिवारी ने बताया कि विपक्षी उनकी जमीन में जबरन निर्माण कर रहे हैं। कुमारगंज में प्रभारी तहसीलदार रंजन वर्मा के समक्ष छह शिकायतें आईं, जिनमें एक का निस्तारण किया गया। इसौलीभारी निवासी राकेश कुमार ने बताया कि उनकी बाग पर विपक्षी ने छप्पर रख लिया है। थाना खंडासा में थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सोनकर के समक्ष नौ मामले दर्ज किए गए। इनमें एक का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
तारुन प्रतिनिधि के अनुसार समाधान दिवस में 13 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें 11 राजस्व और दो पुलिस विभाग से संबंधित थे। इनमें किसी का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। इस मौके पर थानाध्यक्ष संदीप त्रिपाठी मौजूद रहे। हैदरगंज प्रतिनिधि के अनुसार समाधान दिवस में मात्र तीन शिकायत आई, जो राजस्व से संबंधित थी। इनके निस्तारण के लिए टीम रवाना की गई। उप जिलाधिकारी श्रेया श्रीवास्तव ने राजस्वकर्मियों की क्लास ली।