फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: 35 लाख ने सरयू में लगाई डुबकी

Wed, 25 Nov 2026 01:02 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
सरयू घाट पर उमड़े श्रद्धालु।
विज्ञापन
अयोध्या। रात का अंधेरा अभी पूरी तरह छंटा भी नहीं था कि सरयू के तट पर आस्था का उजाला उतरने लगा। घने कोहरे और सर्द हवाओं के बीच मंगलवार तड़के तीन बजे से ही रामनगरी के घाट श्रद्धालुओं से आबाद होने लगे। किसी के होठों पर रामनाम था तो किसी के मन में पुण्य की अभिलाषा।
विज्ञापन

जैसे-जैसे सुबह की किरणें सरयू की लहरों पर चमकने लगीं, वैसे-वैसे घाटों पर श्रद्धा का सैलाब भी गहराता गया। जय सरयू मइया, जय श्रीराम के उद्घोष के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि पूर्णिमा पर करीब 35 लाख लोगों ने सरयू में स्नान किया। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान के साथ ही करीब एक महीने तक चले कार्तिक मेले का भी समापन हो गया।
कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या से ही श्रद्धालुओं का रेला अयोध्या पहुंचने लगा था। रात बीतते-बीतते सरयू के घाटों की ओर जाने वाले रास्ते भक्तों से भर गए। मंगलवार तड़के तीन बजे से स्नान का सिलसिला शुरू हुआ तो फिर थमने का नाम नहीं लिया। सर्द पानी में डुबकी लगाते श्रद्धालुओं के चेहरों पर अलौकिक संतोष झलक रहा था। किसी ने सरयू को नमन कर परिवार की मंगलकामना की तो किसी ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर दान-पुण्य का संकल्प पूरा किया। स्नान के बाद गोदान समेत विभिन्न धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। कोहरे की चादर में लिपटी रामनगरी में मानो आस्था का सूर्य सबसे पहले उदित हुआ।
विज्ञापन

स्नान के बाद श्रद्धालुओं के कदम मंदिरों की ओर बढ़ चले। हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों से लेकर राम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन मार्ग तक भक्तों की कतारें नजर आईं। कनक भवन समेत अन्य मठ-मंदिरों में भी दिनभर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। गलियों में रामधुन गूंजती रही तो मंदिरों में घंटे-घड़ियालों की ध्वनि वातावरण को भक्तिमय बनाती रही। कोई रामलला के दर्शन की अभिलाषा लेकर पहुंचा था तो कोई हनुमंत लला के दरबार में माथा टेकने आया था। सरयू में स्नान से शुरू हुई श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्रा मंदिरों में दर्शन-पूजन के साथ आगे बढ़ती रही।

पूर्णिमा स्नान के साथ कार्तिक मेले का समापन
18 नवंबर को 14 कोसी परिक्रमा के साथ शुरू हुआ कार्तिक मेला मंगलवार को अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया। परिक्रमा मार्गों से लेकर सरयू के घाटों तक करीब एक पखवाड़े तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और स्नान पर्वों ने रामनगरी को आस्था के रंग में रंगे रखा। पूर्णिमा के अंतिम स्नान पर भी श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। दोपहर बाद स्नान और दर्शन-पूजन कर चुके श्रद्धालुओं की घर वापसी शुरू हुई। घाटों पर जहां सुबह आस्था की लहरें हिलोरें मार रही थीं, वहीं शाम होते-होते मेला क्षेत्र धीरे-धीरे सामान्य होने लगा।

सरयू की महाआरती में गूंजे जयकारे, मनी देव दीपावली
अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा की शाम सरयू के तट पर भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य साकार हुआ। दिनभर स्नान और दर्शन-पूजन के बाद शाम ढलते ही घाटों पर एक बार फिर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चार के बीच सरयू की महाआरती शुरू हुई तो पूरा वातावरण जयघोष से गूंज उठा। आरती के दौरान जलती दीपमालाओं की लौ और सरयू की लहरों पर पड़ती उनकी सुनहरी आभा ने देव दीपावली का विहंगम दृश्य प्रस्तुत किया। घाटों पर मौजूद लोगों ने दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। किसी ने दीप प्रवाहित कर अपनी श्रद्धा अर्पित की तो कोई इस अलौकिक दृश्य को कैमरे में कैद करता नजर आया। दीपदान करने को. लेकर श्रद्धालुओं में होड़ रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें